
सड़क हादसे में हुए अधिवक्ता की मौत मामले में फरार बाइक सवार गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले के मनिगाछी थाना क्षेत्र में 30 अप्रैल को एन-27 पर ऑटो और बाइक की टक्कर में 75 साल के अधिवक्ता रामकुमार झा की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने बहादुरपुर थाना क्षेत्र के गोढीया घाट से सूरज कुमार को गिरफ्तार किया है। मनिगाछी थाना की पुलिस उसे गिरफ्तार कर अभी लहेरियासराय थाना लाई थी। उसे यहां से मनिगाछी थाना ले जाकर अगली कार्रवाई करेगी।
पुलिस के अनुसार, सूरज बाइक चला रहा था। टक्कर के बाद वह बाइक छोड़कर भाग गया था। जांच में बाइक के मालिक के रूप में सूरज का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार किया।

आरोपी सूरज ने बताया कि वह झंझारपुर की ओर से आ रहा था। मनिगाछी थाना क्षेत्र में एन-27 पर चारों ओर से सड़क है। अचानक एक ऑटो सामने आ गया। उसकी बाइक की टक्कर ऑटो से हो गई। ऑटो में एक बुजुर्ग थे। उन्हें अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान वो अजीब तरीके से करने लगे तो हम उनको अस्पताल में छोड़ कर घर चले गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

एएसआई सुदर्शन सिंह ने बताया कि प्राथमिकी रिपोर्ट में सूरज का नाम नहीं था, लेकिन जांच में वाहन मालिक वही निकला। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। सूरज को स्वास्थ्य जांच के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

