
कथावाचक श्रवण दास गिरफ्तार, मौनी बाबा फरार!
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: महिला थाना में दर्ज नाबालिग दुष्कर्म मामले (सं. 182/25) के मुख्य आरोपी चर्चित कथावाचक श्रवण दास उर्फ श्रवण ठाकुर को दरभंगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पॉक्सो कोर्ट की विशेष न्यायाधीश प्रोतिमा परिहार ने उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
तात्कालीन डीआईजी स्वप्ना गौतम मेश्राम द्वारा गठित एसआईटी ने बहादुरपुर थाना क्षेत्र के हाउसिंग कॉलोनी स्थित एक मकान से श्रवण दास को धर दबोचा। बिहार डीजीपी विनय कुमार के निर्देश पर पुलिस सक्रिय हुई, जिसके फलस्वरूप यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।मामले में दूसरा आरोपी राम उदित दास उर्फ मौनी बाबा, जो बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव का निवासी और रामजानकी मंदिर पचाढ़ी छावनी (वार्ड-42, थाना लहेरियासराय) से जुड़ा है, अभी फरार है।
पुलिस का दावा है कि मौनी बाबा की तलाश में एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर श्रवण दास ने नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने 7 जनवरी को पॉक्सो कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका (सं. 03/26) दायर की थी, जिसकी सुनवाई 17 जनवरी को निर्धारित थी। लेकिन जिला बार एसोसिएशन द्वारा अधिवक्ता के निधन पर शोक सभा के कारण कोर्ट बाधित रहा, और याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। अब काराधीन आरोपी नियमित जमानत के लिए आवेदन कर सकता है।
