
किताब के पुराने विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, छात्र पर चाकू से हमला, डीएमसीएच में भर्ती।
दरभंगा: हायाघाट थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव में एक पुराने विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। इंटरमीडिएट में पढ़ने वाले छात्र मोहम्मद फैसल (पुत्र मो. नुरुल इस्लाम) पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल अवस्था में फैसल को पहले हायाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। फैसल की हालत चिंताजनक बनी हुई है और वह इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है।

फैसल ने होश में आने के बाद बताया कि आरोपी आदिल (पुत्र मोहम्मद शमशेर) से एक माह पूर्व स्कूल में किताब को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। बीते दिन एक अन्य मित्र के बुलावे पर फैसल बांसडीह पहुंचा, जहां पुराना विवाद फिर उभर आया और बहस के दौरान आदिल ने डायगर (नुकीला चाकू) से पीछे से उस पर हमला कर दिया।

हमले में फैसल को रीड की हड्डी के पास, बाजू और बगल में तीन गंभीर चोटें आईं। घटना के समय फैसल कुर्सी पर बैठा हुआ था। बीच-बचाव में आए गांव के एक शिक्षक को भी डायगर का वार झेलना पड़ा और उनके हाथ में चोट आई।

घटना की सूचना मिलते ही हायाघाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष रुदल यादव ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

फैसल के पिता मो. नुरुल इस्लाम ने बताया कि घटना से पहले दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ था। आरोपी ने अपने पिता को भी विवाद की जानकारी दी थी, बावजूद इसके हमला कर दिया गया। उन्होंने प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

फैसल के मामा मो. इरशाद ने बताया कि घटना के 24 घंटे बाद फैसल को होश आया। उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था और आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।


