
किशोर न्याय बोर्ड ने मंडल कारा के तरुण वार्ड का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि।
दरभंगा: किशोर न्याय बोर्ड, दरभंगा की प्रधान दंडाधिकारी मोहिनी कुमारी, सदस्य रामबाबू सिंह एवं सदस्य आराधना कुमारी ने बुधवार को मंडल कारा स्थित तरुण वार्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारा परिसर में साफ-सफाई एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को संतोषजनक पाया गया।

निरीक्षण के क्रम में तरुण वार्ड में 9 और महिला वार्ड में 1 कुल 10 ऐसे अभियुक्त पाए गए, जो प्रथम दृष्टया किशोर/किशोरी प्रतीत हो रहे थे। इनके मामलों की विस्तृत जानकारी कथित किशोरों एवं कारा कर्मियों से प्राप्त की गई। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जेल में किसी भी अभियुक्त के प्रवेश के समय उसकी आयु की गंभीरता से जांच की जाए।

जो किशोर/किशोरी 18 वर्ष से कम उम्र के पाए गए हैं, उनके मामलों को शीघ्र किशोर न्याय बोर्ड में स्थानांतरित करने का निर्देश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं संबंधित न्यायालय को दिया गया है, ताकि उन्हें विधिक रूप से निर्धारित बाल अधिकार मिल सकें।

निरीक्षण दल ने मंडल कारा की समग्र व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक स्नेहलता समेत अन्य कारा कर्मी उपस्थित थे।


