Home Featured कीचड़ में धान रोपकर राजद ने जताया विरोध, दोनार ROB निर्माण में देरी और जलजमाव से नाराज़गी।
Featured - मुख्य - July 23, 2025

कीचड़ में धान रोपकर राजद ने जताया विरोध, दोनार ROB निर्माण में देरी और जलजमाव से नाराज़गी।

दरभंगा: वर्षों के इंतजार के बाद दरभंगा शहर के दोनार रेल गुमटी पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण कार्य तो शुरू हो गया, लेकिन इससे शहरवासियों की मुसीबतें कम होने के बजाय और बढ़ गई हैं। ROB निर्माण के चलते आसपास की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, जगह-जगह जलजमाव और कीचड़ ने लोगों का जीवन नारकीय बना दिया है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को फिसलने की घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

इसी अव्यवस्था और सरकार की उदासीनता के खिलाफ बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अनोखे अंदाज़ में प्रदर्शन किया। जिला राजद अध्यक्ष उदय शंकर यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कीचड़ से लबालब सड़क पर पहुंचे और वहां धान की रोपाई कर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

Advertisement

इस अवसर पर उदय शंकर यादव ने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा, “जब पूरा बिहार सूखे की चपेट में है, तब दरभंगा में सड़कें दलदल बन गई हैं। नीतीश सरकार की नाकामी का इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि सड़क पर खेती लायक हालात बन गए हैं। हमने वर्ष 2025 में धान रोपा है, वक्त आने पर यहीं से फसल भी काटेंगे।”

Advertisement

प्रदर्शन में शामिल राजद नेता राकेश नायक ने कहा, “बीजेपी के सांसदों और विधायकों ने कई बार शिलान्यास किया लेकिन ROB आज तक पूरा नहीं हुआ। दूसरी ओर, सड़कें दलदल में तब्दील हो चुकी हैं। जहां पानी की जरूरत है, वहां सूखा है और जहां नहीं चाहिए, वहां जलजमाव है। सरकार और प्रशासन श्रेय की राजनीति में उलझे हैं।”

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि ROB निर्माण के साथ-साथ सड़क की देखरेख भी ज़रूरी है। वर्तमान में सड़क से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

शहरवासियों ने प्रशासन से ROB निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ फिलहाल जलनिकासी और सड़क कीचड़ मुक्त करने की व्यवस्था की मांग की है। अब लोगों की निगाहें इस ओर टिकी हैं कि यह विकास का सपना कब साकार होगा और कब उन्हें कीचड़ व जलजमाव से मुक्ति मिलेगी।

Share