Home Featured खुला नाला बना काल: चंदनपट्टी में नाले में गिरकर डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत, गांव में मातम।

खुला नाला बना काल: चंदनपट्टी में नाले में गिरकर डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत, गांव में मातम।

दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सदर प्रखंड के सारामोहमद पंचायत स्थित चंदनपट्टी गांव में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। घर से खेलने निकले डेढ़ वर्षीय मासूम की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चा खेलते-खेलते ढक्कन खुले नाले के पास पहुंच गया और असंतुलित होकर नाले में गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि हादसा इतना अचानक हुआ कि परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बच्चे की जान चली गई। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और मासूम की असमय मौत से पूरा इलाका गमगीन है।

Advertisement

घटना के बाद लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि खुले नाले को ढकने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों ने इसे घोर लापरवाही बताते हुए तत्काल नाले को ढकने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।सूचना मिलने पर 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष बलवंत कुमार ने बताया कि खुले नाले से बच्चे का शव बरामद किया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share