Home Featured खेती भी अमेरिका के हवाले करने की तैयारी कर रही सरकार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति का विरोध।
Featured - मुख्य - April 21, 2025

खेती भी अमेरिका के हवाले करने की तैयारी कर रही सरकार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति का विरोध।

दरभंगा: अमेरिकी उपराष्ट्रपति के भारत दौरे के विरोध में दरभंगा जिला किसान काउंसिल ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रतिरोध मार्च निकाला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति का पुतला दहन किया। किसानों की मांग थी कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी बैंस भारत से वापस जाएं।

Advertisement

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता ललन चौधरी ने कहा कि देश गंभीर संकट से गुजर रहा है। देश की बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है। पहले तीन कृषि कानून लाकर खेती को खत्म करने की कोशिश की गई। अब सरकार अमेरिका से उत्पादित सामान भारत लाकर किसानों को और नुकसान पहुंचाना चाहती है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि सरकार ने रेल, भेल और सेल जैसी बड़ी संस्थाएं निजी हाथों में दे दी हैं। अब खेती भी अमेरिका के हवाले करने की तैयारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे करीबी नेता डोनाल्ड ट्रंप हैं और उन्हीं के इशारे पर देश की नीतियां बन रही हैं।

Advertisement

किसान नेता श्याम भारती ने कहा कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति व्यापार समझौते के लिए भारत आ रहे हैं। इससे भारतीय किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका में किसानों को कई सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन भारत में किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।

Advertisement

श्याम भारती ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में डेढ़ लाख किसानों ने आत्महत्या की है। अगर यह समझौता हुआ तो कर्ज में डूबे किसान और तबाह हो जाएंगे। आत्महत्या की घटनाएं और बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय किसान सभा इस दौरे का विरोध कर रही है ।

Advertisement

उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले में भारी फसल क्षति हुई है, लेकिन कृषि पदाधिकारी ने गलत रिपोर्ट भेजी, जिससे किसान मुआवजे से वंचित रह गए। जिले में चार कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद किसानों को राहत नहीं मिली।

किसानों ने ऐलान किया कि अगर सरकार नहीं मानी तो दरभंगा के किसान एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेंगे। 24 तारीख को कृषि कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।

Share