
गली मोहल्ले में भी सक्रिय है छिनतई गिरोह, घर के पास महिला से हुई छिनतई की घटना।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी
दरभंगा: दरभंगा में अपराधियों का हौसला इतना बढ़ गया है कि वे अब शहर के गली मोहल्ले में भी लूट एवं छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने लगे हैं। यही नहीं, पुलिस एवं प्रशासनिक मुख्यालय से महज चंद दूरी पर भी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती देने लगे हैं। 
ताजा मामला शहर के लहेरियासराय थानाक्षेत्र के जीएन गंज मोहल्ले का सामने आया है, जहां एक महिला से छिनतई की घटना घटी है। छिनतई की यह घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गयी है।

दरअसल, जीएन गंज के राणा मार्केट के निकट वाली गली में रहने वाली गंगेश गुंजन की पत्नी रानी झा मंगलवार की शाम करीब सवा छः बजे बाजार से घर लौट रही थी। घर के पास पहुंचने पर पहले से घात लगाए दो बाइक सवार व्यक्ति उल्टी दिशा से आये और उनके गले से सोने का चेन छीनने का प्रयास करने लगे। रानी झा ने हिम्मत दिखाते हुए अपने गले के चेन को मजबूती से पकड़ लिया। साथ ही बाइक सवार एक व्यक्ति का टीशर्ट भी पकड़ लिया। अंततः वे चेन नही ले पाए। पर चेन टूट गया और उसमें लगा डायमंड का लॉकेट एवं सोने का हनुमानी लुटेरों के हाथ लग गया, जिसे लेकर वे फरार हो गए। लूटे गए डायमंड के लॉकेट एवं हनुमानी की अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बतायी गयी है।

घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाना की पुलिस हरकत में आ गयी और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गयी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी एवं भागने के रास्ते का सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया। सीसीटीवी फुटेज को देखने से पता चला कि उन दोनों लुटेरों के दो अन्य साथी भी थे जो एक अन्य बाइक पर थोड़ी दूरी पर खड़े थे। लुटेरे ने लॉकेट लूटने के बाद दूसरे बाइक पर सवार साथी को लॉकेट दिखाया और चलने का इशारा किया। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार चारों व्यक्ति भाग निकले।

