
बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर की मारपीट।
दरभंगा: बिरौल थाना क्षेत्र के रोहार गांव में सोमवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर मारपीट की। हमले में महिला, पुरुष और बच्चे घायल हो गए। घटना रविवार रात की एक घरेलू झगड़े से जुड़ी है। घटना के समय का कुछ वीडियो भी सामने आया है।

रविवार रात करीब 10 बजे उपेंद्र मुखिया का बेटा राम कुमार मुखिया नशे की हालत में घर आया। उसने अपने पिता और चाचा निर्मल मुखिया से गाली-गलौज और मारपीट की। चाचा और अन्य परिजनों ने विरोध किया।

इससे नाराज राम कुमार ने सोमवार सुबह अपने ससुराल शिवनगर घाट में फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद करीब 11 बदमाश बाइक से हथियार लेकर रोहार गांव पहुंचे। सभी ने निर्मल मुखिया के घर में घुसकर हमला कर दिया। लाठी-डंडे से प्रहार कर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को घायल कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने बदमाशों का विरोध किया। ग्रामीणों ने चार बदमाशों को पकड़ लिया। इनमें राम कुमार का साला भी शामिल था। छह बाइक भी जब्त की गई। बांकी बदमाश गांव का माहौल देख भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि पृथ्वीचन्द्र यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। पकड़े गए चारों बदमाशों को छोड़ दिया गया। कहा गया कि यह आपसी मामला है, पंचायत में सुलझाया जाएगा। मुखिया प्रतिनिधि ने जब्त 6 बाइक अपने कब्जे में रख ली है। बताया गया कि मंगलवार को निर्मल मुखिया के घर शादी है। इसी कारण मामला थाना नहीं पहुंचाया गया।


