
ग्रामीणों ने चोरी के शक में चार युवकों को पकड़ा, सड़क जाम कर जताया विरोध।
दरभंगा: सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब ग्रामीणों ने चोरी के शक में चार युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए और जमकर बवाल हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। बावजूद इसके ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया। नतीजतन सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। इसी लापरवाही को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।हिरासत में लिए गए युवकों ने बताई अपनी सफाईहिरासत में लिए गए युवकों की पहचान विकास कुमार यादव, अंकित कुमार, सरोज यादव और राम सजीवन यादव के रूप में हुई है।

पूछताछ में युवकों ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वे चोरी की नीयत से नहीं, बल्कि नाश्ता करने गांव में आए थे।सरोज यादव ने बताया कि उसका दोस्त गाड़ी चलाकर उसी रास्ते से आ रहा था, इसी दौरान वे लोग नाश्ता करने पहुंचे थे। तभी करीब 200 ग्रामीणों ने घेरकर उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल छीन लिया। वहीं, राम सजीवन यादव ने कहा कि वह दोस्तों के साथ राजो पंचायत से नाश्ता करने आया था, लेकिन भीड़ देखकर उसका भाई ब्रजेश कुमार मौके से भाग गया।

विकास और अंकित का कहना था कि वे सभी आपस में पार्टी करने आए थे और उन्हें अंदाजा नहीं था कि गांव में इस तरह की घटना हो जाएगी।पुलिस बोली- जांच के बाद होगी सचाई साफइस मामले में थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि फिलहाल चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे चोरी की नीयत से आए थे या निर्दोष हैं।


