
चोरी का बिजली सामान ले जाते दो गिरफ्तार, सामान बरामद; नेहरा पुलिस ने भेजा जेल।
दरभंगा: चोरी के बिजली सामान को बाजार में बेचने की नीयत से ले जा रहे दो लोगों को नेहरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बाजितपुर थाना क्षेत्र के पैकटोल छुरिया गांव निवासी पोलो सदाय तथा बहेड़ा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव निवासी तुलसी कुमार मंडल के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 4 जनवरी की रात गश्ती के दौरान नेहरा-लुल्हवा चौक पर दोनों को बिजली के ब्रैकेट और एंगल के बंडल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने सामान को सकरी बाजार में बेचने के उद्देश्य से ले जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने सामग्री जब्त करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर कांड दर्ज किया और सोमवार को जेल भेज दिया।थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने गिरफ्तारी और कार्रवाई की पुष्टि की है।

