
“जतिन को न्याय दो”: नवोदय छात्र की मौत के विरोध में विधायक का आमरण अनशन सोमवार से।
दरभंगा: जवाहर नवोदय विद्यालय, पचाढ़ी में 13 वर्षीय छात्र जतिन गौतम की संदिग्ध मौत को लेकर आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद परिजन न्याय से वंचित हैं और प्रशासन की निष्क्रियता से स्थानीय लोगों में भारी रोष है।

रविवार को रैयाम के रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में जतिन को न्याय दिलाने के लिए एक बड़ी बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रीय विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, विभिन्न दलों के नेता, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि विधायक 15 जुलाई से रैयाम थाना पर आमरण अनशन शुरू करेंगे।

विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कहा, “जब तक जतिन को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक मैं रैयाम थाना पर अनशन स्थल से नहीं उठूंगा। यह लड़ाई एक बच्चे की असमय मौत के खिलाफ है, जिसे दबाया नहीं जा सकता।”

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जतिन की मौत के बाद जब परिजन और ग्रामीण न्याय की गुहार कर रहे थे, तब प्रशासन ने कार्रवाई के बजाय 21 नामजद और 1500 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर दी। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अभी तक जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी मृतक के परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचा।

विधायक ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि यह केवल एक बच्चे की मौत नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल है। अनशन की सूचना जिलाधिकारी, एसएसपी और एसडीएम को लिखित रूप में दे दी गई है।

बैठक में संतोष कुमार, अजय कुमार, रौशन मिश्रा, इफ्तखार अहमद, फतेह अहमद, राजीव मधुकर, गुफरान अहमद, रमण मिश्रा, मनोज गुप्ता, बदरे आलम, अशोक पासवान, विनोद झा, श्रवण मिश्र, सतीश यादव, पवन निराला समेत हजारों लोग उपस्थित थे। सभी ने विधायक के आंदोलन को समर्थन देने का संकल्प लिया।
जतिन की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है। लोग एक स्वर में कह रहे हैं – “अब चुप नहीं बैठेंगे, जतिन को न्याय दिलाकर रहेंगे।”

