
जनता दरबार में डीएम सख्त, 50 से अधिक शिकायतों पर त्वरित पहल।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्य के साथ सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान कराया।

जनता दरबार में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से 50 से अधिक परिवादी पहुंचे, जिनमें 30 ऑनलाइन एवं 20 ऑफलाइन आवेदक शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में खाद्य आपूर्ति, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, पंचायती राज, सहकारिता, परिवहन, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रहे। कई मामलों का तत्काल निपटारा किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए यथाशीघ्र जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन को लेकर स्वयं दूरभाष पर कई अधिकारियों से बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का निवारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़ी शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता बरतें, निष्पक्ष जांच करें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
जनता दरबार के दौरान अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण) राजेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राजेश कुमार, नजारत उप समाहर्ता पवन कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

