
जमीन रजिस्ट्री के दौरान निबंधन कार्यालय परिसर में दो पक्षों के बीच जमकर हुआ हंगामा।
देखिये वीडियो भी
दरभंगा: जमीन का मामला बिहार में कितना उलझा है, इसका उदाहरण नित प्रतिदिन लोगों को अंचल कार्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक दौड़ लगाने में दिखता रहता है। यदि दाखिल खारिज गलत हो जाए तो फिर उसे सही करवाना कितना टेढ़ी खीर होता है, यह किसी से छिपा नही है। ऐसे में जमीन केवाला हो जाने के बाद उसे तोड़ना मतलब कम से कम दो पीढ़ियों का खेल हो जाता है। इन्ही परेशानियों को लेकर आये दिन जमीनी विवाद में बड़ी बड़ी घटनाएं होती रहती हैं।

इसी का एक ताजा उदाहरण सोमवार को दरभंगा जिला मुख्यालय अवस्थित निबंधन कार्यालय परिसर में देखने को मिला। निबंधन के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट एवं गाली गलौज हुई। इस मारपीट में महिलाएं भी शामिल थी। मामला इतना बिगड़ा कि डायल 112 की टीम के साथ साथ लहेरियासराय थाना की पुलिस को भी पहुंचना पड़ा। पुलिस सभी पक्षों को लेकर थाने पर गयी। तब जाकर मामला शांत हुआ।

बताया जाता है कि सदर थानाक्षेत्र के कबीरचक के रहने वाले मोहन यादव छिपालिया की एक महिला से जमीन रजिस्ट्री करवाने आये थे। जिस जमीन की वो रजिस्ट्री करवा रहे थे, उस जमीन पर बने दुकान में एक किराएदार रहता था। उस किरायेदार ने ही रजिस्ट्री का विरोध किया। बताया जाता है कि किरायेदार गोपाल महतो ने जमीन केलिए एडवांस के रूप में उक्त महिला को पैसा दिया था। पर जब उसे पता चला कि महिला किसी और को जमीन बेच रही है तो वह सीधे निबंधन कार्यालय पहुंच गया। जब कंप्यूटर द्वारा काउंटर पर आधार वेरिफिकेशन और फोटोग्राफी हो रहा था, उसी समय किरायेदार ने पहुंचकर हंगामा कर दिया।

हंगामा इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में गाली गलौज और मारपीट तक की नौबत आ गयी। निबंधन कार्यालय परिसर में शुरू हुआ विवाद परिसर के बाहर सड़क तक जारी रहा। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 और लहेरियासराय थाना की पुलिस को मामला शांत करवाने में काफी मशक्कत करना पड़ा। इस बीच लोगों की भीड़ तमाशबीन बनी रही। अंततः दोनों पक्षों को पुलिस द्वारा थाना ले जाया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ।

