
जमीन विवाद में युवक की संदिग्ध मौत, करंट लगाकर हत्या का आरोप।
दरभंगा: तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के गोलमा गांव में तीन दिनों से लापता 18 वर्षीय युवक अक्षय कुमार का शव गांव के पूरब स्थित बगीचे में बरामद हुआ। मृतक गोलमा निवासी रणजीत राय का पुत्र था। प्रारंभिक जांच में शव के पास लोहे के तारों में बिजली का करंट मिलने से मौत की आशंका जताई जा रही है।

मां दीपिया देवी ने बताया कि 10 जनवरी की शाम अक्षय खेत देखने निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों व आसपास के इलाकों में तलाशी ली, पर सफलता न मिली। बगीचे में सफाई के दौरान ग्रामीणों ने शव देखा, जिसकी सूचना पर तिलकेश्वर थाना पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया, उसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाध्यक्ष केसरी नंदन कुमार राम ने बताया कि मृतक की मां दीपिया देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें गांव के ही रामभरोस पासवान के पुत्र रामनंदन पासवान व उनकी पत्नी रिंकू देवी को नामजद किया गया। मां ने आरोप लगाया कि बेटे को खेत में करंट लगाकर मारा गया और शव बगीचे में छिपाया गया।मृतक के चाचा अमरजीत राय ने खुलासा किया कि उनके भाई का खेत आरोपी के खेत के बगल में है। 10-15 दिन पूर्व फसल नुकसान को लेकर रामनंदन से विवाद हुआ था, जिसमें गाली-गलौज व धमकी दी गई। उन्होंने दावा किया कि रामनंदन अपने खेत की चारों ओर बिजली के तार लगाकर शाम को करंट चालू कर देता था। अक्षय के हाथ पर करंट के निशान हैं।अक्षय तीन भाई-बहनों में बड़ा था। वह बाहर मजदूरी करता था, जबकि पिता भी बाहर कमाते हैं। 31 दिसंबर को ही वह गांव लौटा था। परिवार ने प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी व न्याय की मांग की है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

