
जिलाधिकारी राजीव रौशन का हुआ तबादला, कौशल कुमार होंगे दरभंगा के नए डीएम।
दरभंगा: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले नीतीश कुमार की सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने एक साथ 47 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार को इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत पटना समेत कई जिलों के डीएम बदल गए हैं।

बिहार सरकार ने पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह को प्रमोशन देते हुए पटना प्रमंडल का आयुक्त बना दिया है। डा. चंद्रशेखर सिंह लंबे समय से पटना डीएम का पद पर तैनात थे। वो भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2010 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनकी जगह गया के डीएम त्यागराजन एस.एम को पटना का डीएम बना दिया है। त्यागराजन 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।

इसके अलावा दरभंगा के डीएम राजीव रौशन को सारण प्रमंडल का आयुक्त बनाया है जबकि आईसीडीएस के निदेशक कोशल किशोर को दरभंगा प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। वहीं मुंगेर के डीएम अवनिश कुमार सिंह को मुंगेर प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। राज कुमार को तिरहुत प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। वह पहले कम्फेड पटना के प्रबंध निदेश के पद पर तैनात थे।

राज्य परिवहन आयुक्त नवीन कुमार को खगड़िया का डीएम बनाया गया है। वहीं सुपौल के डीएम कौशल कुमार को दरभंगा का जिला पदाधिकारी बनाया गया है।

पूर्णिया के डीएम कुंदन कुमार को नालंदा का जिला पदाधिकारी और मधुबनी के डीएम अरविंद कुमार वर्मा को मुंगेर का डीएम बनाया गया है।

