जून में हुआ तबादला पर अभी तक पंचायत सचिवों का नही हुआ है प्रभार, पंचायत का कार्य हो रहा बाधित।

दरभंगा: जिलाधिकारी द्वारा जून में जिले के पंचायत सचिवों का तबातला के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि 1 जुलाई को प्रखंड में अपना योगदान अवश्य करें। पंचायत सचिवों ने प्रखंड में योगदान करने के पश्चात पंचायत में अपना प्रभार नहीं लिया, जिस कारण पंचायत के विकास का कार्य ठप पड़ा हुआ है। बहादुरपुर प्रखंड के प्रेमजीवर पंचायत के मुखिया जिशान फारूकी ने बताया कि पंचायत में अभी भी पेंशनधारियों के बीच पेंशन की राशि वितरित करनी है। पूर्व के पंचायत सचिव कहते है कि वितरण कार्य पूरा कर लिया गया है। जब सूची की मांग की जाती है तो देने से इंकार करते हैं। एक माह से अधिक होने को है, नए पंचायत सचिव को प्रभार भी नहीं दे रहे हैं। यही हाल कुशौथर, सिमरा नेहालपुर, सहित आधा दर्जन पंचायत का है। जहां पंचायत सचिव के प्रभार नहीं दिए जाने के कारण पंचायत का कार्य ठप पड़ा हुआ है। इधर, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष उज्जवल कुमार ने इस समस्या को लेकर प्रखंड के प्रभारी वरीय उप समाहर्ता शंकर सुमन ओमी के पास अपनी बात रखी। प्रभारी पदाधिकारी ने सभी पंचायत सचिव को एक सप्ताह के अंदर नए पंचायत सचिव को संपूर्ण प्रभार देने का निर्देश दिया। साथ ही संघ ने बीडीओ अविनाश कुमार से गुहार लगाई की पंचायत में कार्यरत सभी कर्मियों व जनप्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित कराई जाए। ताकी जनप्रतिनिधियों व पंचायत के कर्मी के बीच आपसी समन्वय बना रहे। बीडीओ ने संघ की बात मानते हुए आगामी शनिवार को बैठक बुलाए जाने की बात कही है।

