Home Featured ट्रेन में मिला आक्रामक कुत्ता, दरभंगा नगर निगम की निगरानी में।
Featured - मुख्य - August 21, 2025

ट्रेन में मिला आक्रामक कुत्ता, दरभंगा नगर निगम की निगरानी में।

दरभंगा: रक्सौल से समस्तीपुर जाने वाली ट्रेन में तीन दिन पहले एक पालतू कुत्ता मिला था। उसकी वजह से ट्रेन को करीब 1 घंटे तक रोका गया था। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कुत्ते वाली बोगी को सील करना पड़ा था। बाद में ट्रेन समस्तीपुर से होते हुए दरभंगा पहुंची, तब रेल पुलिस और नगर निगम की टीम ने कुत्ते को पिंजरे में कैद कर दरभंगा नगर निगम के हवाले कर दिया।

Advertisement

नगर निगम के पास फिलहाल कोई स्थायी व्यवस्था न होने पर कुत्ते की देखरेख की जिम्मेदारी पशु प्रेमी और वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा को दी गई। इसकी पुष्टि उपनगर आयुक्त फिरोज अहमद ने भी की। फिलहाल कुत्ते को हरिबोल तालाब पार्क स्थित पिंजरे में रखा गया है और पशु चिकित्सक की देखरेख में 14 दिन तक निगरानी की जाएगी।

Advertisement

वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा ने बताया कि कुत्ता बेहद आक्रामक है और अब तक पांच लोगों को काट चुका है, जिनमें दो रेल पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कुत्ते के व्यवहार को देखते हुए उसमें रेबीज फैलने की आशंका जताई जा रही है। चिकित्सकों के मुताबिक यदि कुत्ते को रेबीज है तो अगले 14 दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

Advertisement

फिलहाल कुत्ते को वेज और नॉनवेज दोनों तरह का भोजन दिया जा रहा है। नगर निगम ने इसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य की पूरी निगरानी शुरू कर दी है।

Advertisement

गौरतलब है कि कुत्ते का मालिक अब तक सामने नहीं आया है। सीतामढ़ी रेल पुलिस ने अज्ञात मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और उसकी तलाश जारी है। इस बीच, मामले के चर्चा में आने के बाद मेनका गांधी की संस्था, रेलवे के बड़े अधिकारी और यहां तक कि दरभंगा जिलाधिकारी ने भी कुत्ते के हालात की जानकारी ली है। 14 दिन तक की निगरानी के बाद ही इस कुत्ते के भविष्य पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Share