
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से छात्रा की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम।
दरभंगा: जिले के बेनीपुर डिग्री कॉलेज से एग्जाम देकर भाई के साथ बाइक से लौट रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में छात्रा का भाई मामूली रूप से घायल हुआ है। मृतका की पहचान 21 साल की रविता कुमारी के रूप में हुई है, जो बिरौल के जेके कॉलेज में बीए सेकेंड पार्ट की स्टूडेंट थी।

रविता कुमारी जमालपुर के रघुनाथपुर की रहने वाली थी। जानकारी के मुताबिक, एग्जाम खत्म होने के बाद रविता अपने भाई भगवान कुमार के साथ बाइक पर बैठकर घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने जयंतीपुर के मलिया चौक से कुछ दूरी पर बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंभीर रूप से जख्मी रविता कुमारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका चचेरा भाई भगवान कुमार बाल-बाल बच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया और दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि SH-56 (दरभंगा–कुशेश्वरस्थान सड़क मार्ग) पर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है।


