Home Featured दरभंगा के मजदूर की कुवैत में मौत, परिजनों ने पीएम से की पार्थिव शरीर जल्द भारत भेजने की अपील।

दरभंगा के मजदूर की कुवैत में मौत, परिजनों ने पीएम से की पार्थिव शरीर जल्द भारत भेजने की अपील।

दरभंगा: कुवैत में काम कर रहे दरभंगा जिले के एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमतौल थाना क्षेत्र के टेकटार पंचायत अंतर्गत मधुपुर गांव निवासी मिथिलेश कुमार दास (48) के रूप में हुई है। परिजनों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था कराई जाए, ताकि उनके चारों बेटे अपने पिता को अंतिम विदाई दे सकें।

Advertisement

परिजनों के अनुसार, मिथिलेश कुमार दास पिछले 17–18 वर्षों से कुवैत में रहकर निजी कंपनी में काम कर रहे थे। वे बेदार अल मुल्ला एंड ब्रदर्स कंपनी में मजदूरी करते थे। बताया गया कि 8 दिसंबर 2025 को ड्यूटी पर जाते समय उन्हें अचानक ब्रेन हेमरेज हो गया। साथियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

Advertisement

खबर मिलने पर उनके छोटे भाई रंजीत दास, जो कुवैत में ही अन्य स्थान पर रहते हैं, अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान 1 जनवरी 2026 को मिथिलेश कुमार दास ने दम तोड़ दिया।इधर, मौत की सूचना मिलते ही घर में मातम पसरा है।

Advertisement

मृतक की पत्नी पुनीता देवी की तबीयत बिगड़ गई है और वे बार-बार बेहोश हो रही हैं। मिथिलेश के चार बेटे है, नीरज (18), धीरज (14), आदित्य (12) और दिव्यांशु (8)।मृतक के छोटे भाई सुनील कुमार ने बताया कि मिथिलेश विदेश में मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवार पूरी तरह टूट चुका है और सरकार से हाथ जोड़कर अपील है कि पार्थिव शरीर को जल्द कुवैत से भारत भिजवाया जाए।

Advertisement

सुनील कुमार के मुताबिक, निधन की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और दूर-दराज से लोग परिजनों को ढांढ़स बंधाने पहुंच रहे हैं।मृतक की मां मीना देवी ने भी सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि वे अपने बेटे का आखिरी बार चेहरा देखना चाहती हैं। उन्होंने पार्थिव शरीर शीघ्र घर पहुंचाने की मांग की है।

Share