Home Featured दरभंगा: मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, चाकूबाजी में युवक की मौत; दो घायल, चार आरोपी गिरफ्तार।

दरभंगा: मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, चाकूबाजी में युवक की मौत; दो घायल, चार आरोपी गिरफ्तार।

दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय मोहल्ले में शनिवार देर रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सरकारी स्कूल के समीप पड़ोसियों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज के बाद चाकूबाजी की घटना हुई। इस दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल दीपु सहनी की डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में उनके बड़े भाई दिलीप सहनी और झगड़ा छुड़ाने पहुंचे मोहल्ले के युवक अनिल कुमार मंडल भी घायल हुए हैं। दोनों का इलाज कराया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी, सिटी एसपी समेत कई थानों के थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से छापेमारी जारी है।

विवाद के बाद चाकूबाजी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। शनिवार देर रात किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

Advertisement

हमले में दीपु सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल डीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दीपु की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

इसी हमले में दीपु के बड़े भाई दिलीप सहनी के पेट में चाकू से वार किए जाने की बात सामने आई है। उनका डीएमसीएच में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

झगड़ा छुड़ाने पहुंचे युवक पर भी हमला

घटना के दौरान मोहल्ले के युवक अनिल कुमार मंडल विवाद शांत कराने के लिए पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावर ने उनके हाथ में भी चाकू मार दिया। घायल अनिल का इलाज कराया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

मौके पर पहुंचे एसएसपी, अस्पताल जाकर परिजनों से ली जानकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली और मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की। इसके बाद एसएसपी डीएमसीएच पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों के इलाज की स्थिति की जानकारी ली तथा मृतक के परिजनों से मुलाकात की।

एसएसपी ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से घटना के पीछे की वजह के संबंध में जानकारी ली और उन्हें मामले में निष्पक्ष जांच तथा कानून के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।

आपसी विवाद में हुई घटना : एसएसपी

मीडिया से बातचीत में एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पड़ोसियों के बीच आपसी विवाद से जुड़ा सामने आया है। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। पुलिस विवाद की मूल वजह, हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

आपका सहयोग हमारी ताकत

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Share