
दरभंगा में जन्माष्टमी कार्यक्रम में बड़ा हादसा: मंत्री हरी सहनी के काफिले की गाड़ी पर आरोप, 10 श्रद्धालु घायल।
दरभंगा: जन्माष्टमी की रात दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के बनौली गांव में आयोजित भजन-कीर्तन और जागरण कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आरोप है कि मंत्री हरि सहनी के काफिले में शामिल स्कॉर्ट गाड़ी बेकाबू होकर भीड़ में घुस गई। इस घटना में 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। सभी घायलों को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

मंच से टकराई गाड़ी, अफरा-तफरी मची
ग्रामीणों के अनुसार, स्कॉर्ट गाड़ी मंच से टकरा गई, जिससे लाइट व सजावट का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर हड़कंप मच गया और आक्रोशित लोगों ने वाहन को घेर लिया। चालक सुधीर कुमार को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया।

तीन गंभीर रूप से घायल
घटना में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं की पहचान सुरेश भगत (70), डोमु महतो (70) और दुर्गा देवी (65) के रूप में हुई है। सभी बनौली गांव के ही निवासी हैं और अभी डीएमसीएच में इलाजरत हैं।

ग्रामीणों का आरोप – मंत्री बिना रुके चले गए
गांव वालों का कहना है कि मंत्री हरि सहनी मौके पर मौजूद थे, लेकिन घायलों की सुध लिए बिना घटनास्थल छोड़कर निकल गए। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
पूजा समिति ने दर्ज कराई एफआईआर
पूजा समिति के अध्यक्ष और ग्रामीणों ने मंत्री और स्कॉर्ट गाड़ी चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। आवेदन में कहा गया है कि यह कृत्य “So-called हत्या की कोशिश” के समान है।

पुलिस ने गाड़ी और चालक को पकड़ा
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चालक और वाहन दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
मंत्री की सफाई
इधर, मंत्री हरि सहनी ने दावा किया है कि हादसा जिला प्रशासन की गाड़ी से हुआ, जो उनके काफिले से आगे चल रही थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजवाया और देर रात डीएमसीएच पहुंचकर हालचाल भी लिया।

