
दरभंगा में पुलिस का तस्करों पर बड़ा प्रहार, 121 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले के वाजितपुर थाना क्षेत्र के मैना रहिका गांव में पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), पटना की संयुक्त कार्रवाई में गांजा की बड़ी खेप बरामद की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक मकान से 121.250 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से सूरज साह के पुत्र लालटून साह को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, NCB पटना और स्थानीय पुलिस को सूचना मिली थी कि लालटून साह द्वारा गांजा की बड़ी खेप मंगवाकर मैना रहिका गांव स्थित अलीनगर वाली के एक मकान में छिपाकर रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और सनहा संख्या 363/26 के आधार पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपुर और प्रखंड विकास पदाधिकारी, मनीगाछी की मौजूदगी में टीम ने मकान में छापेमारी की। घर के पहले कमरे में उत्तरी दीवार के पास कपड़े से ढके चार सफेद प्लास्टिक के बोरे मिले। बोरे खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर कुल वजन 121.250 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य के रूप में भी की गई है। बरामद गांजा को विधिवत जब्त करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
छापेमारी टीम में मनीगाछी के बीडीओ, बेनीपुर के एसडीपीओ, वाजितपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पुअनि राजेंद्र चौधरी के अलावा सिपाही राजेश कुमार, गौतम कुमार सिंह, प्रीति कुमारी, रौशनी कुमारी, अंकित कुमार, शिवम कुमार और स्थानीय चौकीदार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नशा तस्करों के बीच हड़कंप मचा है। पुलिस अब बरामद गांजा की खेप के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।

