
दरभंगा में बंदियों की जमानत व रिहाई पर अंडर ट्रायल रिव्यू कमिटी की बैठक आयोजित।
दरभंगा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा जेलों में बंद अंडरट्रायल कैदियों की जमानत और रिहाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह अंडर ट्रायल रिव्यू कमिटी की बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिव गोपाल मिश्र की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव, आरती कुमारी ने जेल से प्राप्त बंदियों की सूची कमेटी के समक्ष प्रस्तुत की। कमेटी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से चयनित बंदियों की जमानत के लिए विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करने की सिफारिश की। विशेष रूप से, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बंदियों को तुरंत कानूनी सहायता उपलब्ध कराकर संबंधित न्यायालयों में जमानत याचिका दायर करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान’ को सफल बनाने पर भी जोर दिया गया। इस अभियान के ग्रामीण स्तर पर प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिलाधिकारी को सौंपी गई। वहीं, न्यायालयों द्वारा पक्षकारों को जारी नोटिस को सभी थानों के माध्यम से तामील करवाने की जिम्मेदारी वरीय पुलिस अधीक्षक को दी गई।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने इस बात पर जोर दिया कि मध्यस्थता अभियान को इस तरह से सफल बनाया जाए कि पूरे राज्य में दरभंगा का स्थान प्रथम हो।

कमेटी के सदस्यों में जिलाधिकारी सह उपाध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक सह सदस्य जिला विधिक सेवा प्राधिकार जगुनाथ रड्डी जल रड्डी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम, और मंडल काराधीक्षक स्नेहलता उपस्थित थे।

