
संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत, प्रसाद खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत।
दरभंगा: जिले में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के भच्छी गांव निवासी महाकांत पोद्दार (45) की है। शुक्रवार को अपनी बहन के बुलावे पर वे घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कोरथु गांव गए थे, जहां दुर्गापूजा का आयोजन चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक, दशमी पर बलि देने के बाद महाकांत को उनकी बहन ने प्रसाद के रूप में आयोजित भोज में मीट-चावल खाने के लिए बुलाया था। प्रसाद खाने के बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उल्टी-दस्त शुरू हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें बेनीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की मौसी रंजन देवी ने बताया कि महाकांत हाजीपुर में रहकर रिक्शा चलाते थे, जबकि उनकी पत्नी झाड़ू-पोंछा का काम करती है। महाकांत के तीन बच्चे हैं—12 साल का बेटा और दो बेटियां। रंजन देवी और मृतक की पत्नी के भाई रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि प्रसाद में कुछ मिलाया गया होगा, तभी मौत हुई। उन्होंने कहा कि अगर खाना खराब होता तो भोज में शामिल अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ती।

थाना में नहीं हुई शिकायत सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

बहेड़ी थाना प्रभारी सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी देर रात मिली थी, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने कहा कि यह मामला घनश्यामपुर थाना क्षेत्र का है, वहां भी सूचना दे दी गई है। अब तक मृतक पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का कहना है कि वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। बच्चों के भविष्य के साथ परिवार के सामने अब भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत का इंतजार कर रही है।

