
दरभंगा में सनसनीखेज वारदात, 70% जला शव और सिर गायब; ससुराल पक्ष फरार।
दरभंगा: जिले में गुरुवार को 4 महीने की प्रेग्नेंट महिला की हत्या कर शव जलाने का मामला सामने आया है। शव जलने का वीडियो भी सामने आया है। घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव की है।

मृतक महिला की पहचान मधुबनी के झंझारपुर प्रखंड के भैरवस्थान थाना क्षेत्र निवासी विजय कुमार मंडल की बहन चंदा कुमारी (23) (पत्नी- मनीष कुमार मंडल) के रूप में हुई है।

मृतका के भाई विजय मंडल ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि पति, देवर और अन्य ससुराल वालों ने हत्या कर शव जलाने की कोशिश की। ससुराल वाले दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे।

विजय मंडल ने बताया कि कल उनकी बहन के देवर राजकुमार मंडल ने फोन पर धमकी दी थी। उसने कहा था हमारे परिवार के मामले में दखल दोगे तो तुम्हें भी जान से मार देंगे। इसके कुछ घंटे बाद बहन की हत्या कर शव को जला दिया गया।

विजय ने बताया कि बहन के पड़ोसियों ने रात करीब 1 बजे फोन पर घटना की सूचना दी। हम मुंबई में रहते हैं और फ्लाइट से दरभंगा पहुंचे। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो शव जल रहा था और सिर गायब था।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे तो शव लगभग 70% जल चुका था। मृतका का सिर गायब था। परिजनों ने आशंका जताई है कि गला काटकर हत्या की गई है।
मृतका के नाना सीताराम मंडल ने कहा कि ससुराल वाले रात में फोन कर बताया कि चंदा ने आत्महत्या कर ली है। लेकिन सुबह पहुंचे तो शव को जलाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि चंदा चार महीने की प्रेग्नेट थी।
चचेरे भाई गोविंद मंडल ने कहा कि बहन के ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे तो शव जल रहा था। ससुराल वालों ने गला काटकर हत्या की है।
परिजनों ने पति मनीष कुमार मंडल, देवर राजकुमार मंडल, सास सोनी देवी, ननद निशा कुमारी, और अन्य पर हत्या और शव को जलाने का आरोप लगाया है।
सकतपुर थानाध्यक्ष चार्ली कुमारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। शव लगभग 70% जल चुका था और सिर गायब था। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सैंपल कलेक्ट किया गया है। ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं, जिसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

