
दरभंगा में सीएमआर जमा को लेकर डीएम सख्त, समय सीमा में आपूर्ति नहीं होने पर होगी कार्रवाई।
दरभंगा: समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम 2024-25 के तहत शत-प्रतिशत सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) जमा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पैक्स अध्यक्षों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और मिल संचालकों को सीएमआर आपूर्ति में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक कुल 28314.309 मेट्रिक टन के विरुद्ध 24770.509 मेट्रिक टन यानी 87.48 प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति की गई है। केवल हनुमान नगर प्रखंड में शत-प्रतिशत आपूर्ति हुई है, जबकि अन्य प्रखंडों में कार्य लंबित है। जिले में अब भी 3543.80 मेट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति बाकी है।

पूर्व में सीएमआर आपूर्ति की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 31 जुलाई 2025 कर दिया गया है। डीएम ने साफ चेतावनी दी कि समय सीमा के भीतर शेष सीएमआर की आपूर्ति नहीं होने पर संबंधित पैक्स अध्यक्ष, मीलर और प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों पर विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर डिफॉल्टर मीलरों की अनुज्ञप्ति रद्द कर दी जाएगी और राइस मील को सील कर दिया जाएगा। साथ ही नीलामी और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। उन्होंने मीलरों को निर्देश दिया कि वे पैक्स अध्यक्षों से समन्वय स्थापित कर सीएमआर की आपूर्ति सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि दो प्रखंडों को छोड़कर शेष सभी प्रखंडों में सीएमआर जमा लंबित है। कुशेश्वरस्थान पूर्वी में 93.33 प्रतिशत, जाले में 92.96 प्रतिशत, दरभंगा सदर में 92.13 प्रतिशत, कुशेश्वरस्थान में 90.99 प्रतिशत, घनश्यामपुर में 90.91 प्रतिशत, तारडीह में 90.86 प्रतिशत, बहेड़ी में 90.44 प्रतिशत, सिंहवाड़ा में 90.5 प्रतिशत, मनीगाछी में 89.36 प्रतिशत, बहादुरपुर में 87.78 प्रतिशत, केवटी में 85.20 प्रतिशत, बेनीपुर में 84.3 प्रतिशत, अलीनगर में 84 प्रतिशत, गौड़ाबौराम में 83.95 प्रतिशत, हायाघाट में 81.96 प्रतिशत तथा बिरौल में 79.46 प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति की गई है।
चौधरी राइस मील, पुष्पम राइस मील सहित कई मीलों में सीएमआर की सबसे अधिक बकाया रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की और समय पर आपूर्ति नहीं होने पर अनुज्ञप्ति रद्द करने की चेतावनी दी।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी राकेश रंजन, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला सहकारिता पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता निशांत कुमार, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, विभिन्न पैक्स अध्यक्ष एवं मील संचालक मौजूद थे।

