
नवरात्र में डांडिया नाइट को लेकर विहिप-बजरंग दल का विरोध, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन।
दरभंगा: शारदीय नवरात्र के बीच आयोजित होने वाले डांडिया नाइट कार्यक्रम पर शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस क्रम में संगठन के जिला मंत्री रिंकू कुमार की अध्यक्षता तथा सह जिला मंत्री राजीव प्रकाश मधुकर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल अनुमंडलीय पदाधिकारी (एसडीओ) दरभंगा से मिला और ज्ञापन सौंपकर कानून-व्यवस्था कायम रखने की मांग की।

ज्ञापन में सह जिला मंत्री राजीव प्रकाश मधुकर ने कहा कि नवरात्रि सनातन धर्म की आस्था का पर्व है जिसे श्रद्धा, भक्ति और पवित्रता के साथ मनाया जाता है। इस दौरान कहीं-कहीं डांडिया नाइट जैसे आयोजनों के नाम पर अश्लील गानों व नृत्यों का प्रदर्शन किया जाता है, जिससे समाज की आस्था को ठेस पहुँचती है। “सनातन धर्म के अपमान और आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” उन्होंने जोर देते हुए कहा।

मधुकर ने जिलावासियों और सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों का विरोध करें। कहा कि समितियां महीनों तक तन-मन-धन से नवरात्र की तैयारी करती हैं, ऐसे में अश्लील आयोजनों से पवित्र वातावरण दूषित हो जाता है।

बजरंग दल पदाधिकारियों ने एसडीओ से मांग की कि डांडिया नाइट आयोजित करने वालों की पहचान की जाए और प्रतिभागियों की अनिवार्य रूप से आईडी जांच हो, ताकि संदिग्ध व असामाजिक तत्व इसमें शामिल न हो सकें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार के आयोजन नहीं रोके गए तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगा।

जिला मंत्री रिंकू कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रशासन यदि ऐसे आयोजनों को नियंत्रित करने में विफल रहता है, तो विहिप और बजरंग दल सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेंगे। उन्होंने मांग की कि अश्लीलता फैलाने वालों की पहचान कर उन्हें किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए।
इस अवसर पर नगर संयोजक शेखर साहनी, संयोजक साहब कुमार, जिला मीडिया प्रभारी आदित्य राज, बजरंग दल कार्यकर्ता अविनाश मित्तल, विहिप कार्यकर्ता अनिल अग्रवाल और विकास सहनी भी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि संगठन भक्ति और संस्कृति की मर्यादा को बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाएगा और आवश्यक होने पर संघर्ष का विकल्प भी चुनेगा।

