
नाम वापसी के बाद 10 सीटों पर 123 प्रत्याशी मैदान में, 6 नवंबर को वोटिंग।
दरभंगा: जिले की 10 विधानसभा सीटों पर 20 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी रणभूमि में 123 उम्मीदवार रह गए हैं। इनके भाग्य का फैसला 6 नवंबर को होने वाले मतदान में वोटर करेंगे। कुल नौ उम्मीदवारों ने अंतिम दिन नाम वापस लिया, जिसमें कुशेश्वरस्थान, हायाघाट, केवटी और जाले से एक-एक, गौड़ाबौराम से दो तथा अलीनगर से तीन प्रत्याशी शामिल थे।
दरभंगा नगर, दरभंगा ग्रामीण तथा बेनीपुर विधानसभा क्षेत्रों से कोई प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। नाम वापसी के बाद बहादुरपुर विधानसभा से सबसे अधिक 17 उम्मीदवार तथा जाले से सबसे कम नौ प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं। बेनीपुर से 14, दरभंगा ग्रामीण, दरभंगा नगर तथा हायाघाट से 13-13, गौड़ाबौराम तथा अलीनगर से 12-12, जबकि कुशेश्वरस्थान और केवटी से 10-10 प्रत्याशी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

जिले में कुल 28,90,605 मतदाता हैं, जो 3,329 मतदान केंद्रों पर अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह चुनाव बिहार विधानसभा चुनाव का हिस्सा है, जहां शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है।


