
पत्नी की हत्या मामले में पति दोषी करार, सजा पर सुनवाई 8 अगस्त को।
दरभंगा: व्यवहार न्यायालय दरभंगा के अपर सत्र न्यायाधीश आदिदेव की अदालत ने गुरुवार को बहुचर्चित रिंकी चौधरी हत्याकांड में आरोपी पति रमण कुमार चौधरी उर्फ डब्लू कुमार चौधरी को दोषी करार दिया है। दोष सिद्ध होने के बाद अदालत ने सजा निर्धारण के लिए आगामी 8 अगस्त की तिथि निर्धारित की है।

एपीपी दिलीप कुमार साह ने बताया कि यह मामला दरभंगा सदर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीसागर स्थित बैंकर्स कॉलनी का है, जहां 25 जुलाई 2021 को अहले सुबह डब्लू चौधरी ने अपनी पत्नी रिंकी चौधरी की हत्या कर दी थी। आरोप है कि उसने पत्नी के सिर पर खंती से वार कर उसकी निर्मम हत्या की थी।

घटना की जानकारी सबसे पहले हत्यारे की बहन ने मृतका के पिता को फोन कर दी। इसके बाद मृतका के पिता, नेहरा थाना क्षेत्र के इम्ब्राहिमपुर निवासी नूनू चौधरी ने सदर थाना में कांड संख्या 316/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

इस मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुसंधान पूर्ण कर आरोपपत्र समर्पित किया गया और मामला सत्रवाद संख्या 63/22 के तहत अदालत में विचारण हेतु प्रस्तुत किया गया।
अदालत ने सभी साक्ष्य व गवाहों की सुनवाई के बाद गुरुवार को आरोपी पति को दोषी घोषित किया। अब 8 अगस्त को सजा की अवधि पर बहस और न्यायिक निर्णय सुनाया जाएगा।

यह घटना न केवल पारिवारिक संबंधों में आई दरार की भयावह तस्वीर पेश करती है, बल्कि समाज में घरेलू हिंसा की गंभीरता को भी उजागर करती है।

