
परशुराम जयंती पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा।
दरभंगा: ब्राह्मण चेतना मंच के तत्वधान में बुधवार को भगवान परशुराम की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत कर्पूरी चौक से की गई। यहां हजारों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग जुटे थे।

सभी लोग माथे पर चंदन, पगड़ी और हाथ में फरसा लेकर भगवान परशुराम के जयकारा लगा रहे थे। भगवान परशुराम की जयंती को विशेष बनाने के लिए भव्य शोभायात्रा की तैयारी की गई थी। यह कर्पूरी चौक से शुरू होकर लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह तक गयी। इसमें जिले के सभी प्रखंडों से हजारों की संख्या में परशुराम भक्त शामिल हुए। शोभायात्रा के बाद प्रेक्षागृह में भगवान परशुराम की आदमकद प्रतिमा और शस्त्र का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा और प्रसाद वितरण किया गया।

इस मौके पर ब्राह्मण चेतना मंच ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि धीरे-धीरे सभी राजनीति दल ब्राह्मण की हिस्सेदारी कम कर रहे हैं। सदस्यों ने बगैर किसी राजनीति दल का नाम लेते हुए मांग की कि उनकी हिस्सेदारी पर ध्यान दें। उन्हें केवल वोट बैंक नहीं समझें। वक्ताओं ने कहा कि हमारा समाज हर स्तर पर पिछड़ रहा है। हमें इस पर ध्यान देने की जरूरत है। पिछड़ने की मुख्य वजह आपसी कटुता है। यदि हम इसका त्याग कर दें तो हम फिर समाज का नेतृत्व कर सकते हैं। देश की सभी राजनीति पार्टियां हमारे समाज को पिछलग्गू एवं मजबूर समझने लगी हैं। यह हमारे समाज के लिए चिंता का विषय है।

ब्राह्मण चेतना मंच ने एक सुर से आह्वान किया कि आपसी कटुता को समाप्त करें। एकजुट हो जाएं। मौके पर मंच के अभयानंद झा, पप्पू चौधरी, डॉ. मृदुल कुमार शुक्ला, डॉ. उद्भट मिश्रा, मन्नू चौधरी, टिंकू झा, अरविंद ठाकुर, सुजीत चौधरी, राजीव ठाकुर, पंकज झा, राज कुमार झा राजू, पृथ्वी चौधरी, झा अविनाश कश्यप, प्रसून कुमार, देवेंद्र झा, आदित्य नारायण मन्ना, बब्बू ठाकुर, सुबोध चौधरी, मिक्की कुंवर, मीणा झा, निभा देवी, प्रभाकर झा, राजीव कुमार मणि, अरुण झा, मनोज कुमार मुन्ना, तरुण झा, रजनीश झा, राजीव मणि आदि थे।

