
पीडीएस विक्रेता पर 800 क्विंटल से अधिक अनाज गबन का आरोप, प्राथमिकी दर्ज।
दरभंगा: सदर प्रखंड की कबीर चक पंचायत में जन वितरण प्रणाली के विक्रेता पर 800 क्विंटल से अधिक सरकारी अनाज गबन कर कालाबाजारी करने का आरोप लगा है। इस मामले में सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) राजेश कुमार ने सोमवार को सदर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।एमओ राजेश कुमार ने बताया कि कबीर चक पंचायत के पीडीएस विक्रेता क्षत्री यादव का दुकान लंबे समय से बंद रहने और स्टॉक में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं।

इस पर जांच कराई गई।जांच के दौरान पॉश मशीन पर 21,238 किलो गेहूं और 60,582 किलो चावल का स्टॉक दर्ज पाया गया, लेकिन भौतिक रूप से अनाज मौजूद नहीं था। इसके बाद पीडीएस परख एप के जरिए की गई एक अन्य जांच में भी बड़ी गड़बड़ी सामने आई।रिपोर्ट के अनुसार, पॉश मशीन पर दर्ज मात्रा की तुलना में 21,123 किलो गेहूं और 60,213 किलो चावल कम पाया गया। कुल मिलाकर 800 क्विंटल से अधिक अनाज की गड़बड़ी की पुष्टि हुई।इस मामले में एमओ की लिखित शिकायत पर सदर थाने में विक्रेता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।


