
प्रेम में दीवानी नाबालिग का शोले स्टाइल, हाइटेंशन टावर पर चढ़कर दी जान देने की धमकी।
दरभंगा: प्रेम प्रसंग में गुरुवार को जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पटनिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-13 स्थित किचका गांव में अजीबोगरीब घटना घट गई। गांव की एक नाबालिग प्रेमिका शोले फिल्म के अंदाज में हाइटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। यह वही टावर है, जिससे होकर करीब आठ लाख वोल्ट करंट गुजरता है। टावर पर चढ़ी किशोरी ने ग्रामीणों के सामने ऐलान किया कि यदि उसका प्रेमी उससे शादी नहीं करेगा तो वह कूद जाएगी या बिजली की तार पकड़ लेगी।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस की आपात सेवा डायल-112 को सूचना दी। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से लड़की को आखिरकार सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।

इसी बीच वहां पहुंचे नाबालिग लड़के ने लगातार लड़की को समझाने की कोशिश की। उसने खुलकर कहा कि वह उसी से शादी करेगा। यह सुनकर किशोरी शांत हुई और नीचे उतरने को तैयार हो गई। ग्रामीणों ने भी जोखिम उठाकर उसे सुरक्षित नीचे लाने में मदद की।

वार्ड सदस्य अर्जुन मुखिया ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रेम में अंधे होकर किशोरी ने जान जोखिम में डाल दी, यह बेहद खतरनाक प्रवृत्ति है। वहीं, मुखिया पति मनोज सुधांशु ने भी इस सनसनीखेज घटना की पुष्टि की।

थानाध्यक्ष चन्द्रमणि ने बताया कि डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर गई थी और उसी की मौजूदगी में लड़की बिजली टावर से उतरी। पूरे गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण इसे प्रसिद्ध फिल्म शोले के ‘वीरू’ वाले दृश्य से जोड़कर देख रहे हैं।

