
प्रेमिका की शादी में गांव आए युवक की फंदे से लटकी मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस।
दरभंगा: सोमवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिला है। वह 18 मई शाम पांच बजे मुंबई से गांव आया था। उसी दिन उसकी प्रेमिका की शादी थी।

परिजनों ने प्रेमिका के भाइयों पर हत्या कर शव को गमछा से लटकाने का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान आकाश सहनी (22 ) के रूप में हुई है।

लड़की का घर प्रेमी के घर से 100 मीटर की दूरी पर है। आरोप है कि कहीं दूसरी जगह मर्डर कर शव को घर में टांग दिया गया है।
पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। एफएसएल और तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल टावर के पास एक सुनसान एसबेस्टस के घर में युवक की बॉडी मिली है। आकाश मुंबई में रह कर 3 साल से मजदूरी करता था।

घटना के बाद गांव में तनाव है। आरोपी के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। गश्ती बढ़ा दी गई है। सभी आरोपी फरार हैं। प्रेमिका की विदाई भी नहीं हो सकी है।

मृतक के परिजनों का कहना है कि, ‘शनिवार की रात गांव की एक लड़की की शादी थी। वह आकाश की प्रेमिका थी। उसने फोन कर आकाश को गांव बुलाया था। शाम को गांव के चार युवक आकाश को घर से बुलाकर ले गए।’

रात दो बजे तक दादी जागती रहीं। सुबह चाय बनाकर पोते को आवाज दी तो गेट नहीं खुला। नीचे झुककर देखा तो आकाश फंदे से लटका था। शोर मचाने पर गांव वाले पहुंचे। गेट खोलकर देखा तो शव लटका हुआ था। मृतक के माता पिता हरिद्वार में रहकर काम करते हैं।’

