
फाइनेंस कर्मी से लूट, तीन घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार; नकदी व सामान बरामद।
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के चांदी गांव में मंगलवार शाम फाइनेंस कंपनी के फील्ड ऑफिसर से लूट की घटना सामने आई। पीड़ित के अनुसार, एसएस सोनार माइक्रो फाइनेंस क्रेडिट लिमिटेड में कार्यरत फील्ड ऑफिसर (22) मंगलवार करीब 4 बजे अपने लॉन्च मैनेजर सुकेश कुमार के साथ चांदी गांव में राजा सहनी की चाय दुकान पर मौजूद थे।
इस दौरान वे राजा सहनी से प्राप्त 50000 रुपये की गिनती कर रहे थे।इसी बीच चांदी गांव निवासी लुलन माधव (पिता रामवृक्ष यादव) और गोविंद माधव (पिता मलेश यादव) वहां पहुंचे और आरोप है कि उनके हाथ से 5000रुपये छीन लिए। पीड़ित के मुताबिक जब उसने विरोध किया तो लुलन माधव ने कमर से पिस्तौल निकालकर धमकी दी और उसकी काले रंग की बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित ने यह भी बताया कि जब उसने मोबाइल से आरोपियों की तस्वीर लेने की कोशिश की तो गोविंद माधव ने गाली-गलौज करते हुए उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। घटना के बाद पीड़ित ने बहादुरपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस के अनुसार शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घटना के करीब तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

