
फूस के घरों में तेजी से फैली आग, कपड़े-बर्तन-अनाज खाक, जांच के बाद मुआवजा मिलेगा।
दरभंगा: बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत मेकना वेदा पंचायत के कपछाही गांव में रविवार दोपहर भीषण आगलगी की घटना में पांच परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो गया। फूस के घरों में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चंद्रशेखर महतो, रामदयाल महतो, रामनाथ महतो, रामपुकार महतो और लक्ष्मण महतो के घर पूरी तरह खाक हो गए।

बताया जाता है कि घरों में रखे कपड़े, बर्तन, अनाज व अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया दयाराम मुखिया मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही बहादुरपुर अंचलाधिकारी निश्छल प्रेम को भी घटना से अवगत कराया गया।

अंचलाधिकारी ने कहा कि संबंधित हल्का कर्मचारी से पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ितों को सरकारी आपदा राहत कोष से मुआवजा दिया जाएगा। स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है।


