
फ्री बिजली योजना के नाम पर बढ़ा साइबर फ्रॉड, साइबर डीएसपी ने किया अलर्ट।
दरभंगा: बिहार सरकार की 125 यूनिट फ्री बिजली योजना की घोषणा के बाद साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। बिजली उपभोक्ताओं को फ्री बिजली दिलाने के नाम पर फर्जी मैसेज और कॉल कर ओटीपी मांग कर ठगी की जा रही है। इस संबंध में साइबर डीएसपी विपिन बिहारी ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।

दरभंगा में योगदान देने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए साइबर डीएसपी ने बताया कि सरकार की ओर से 125 यूनिट बिजली फ्री दी जा रही है, लेकिन इसके लिए उपभोक्ताओं से किसी भी तरह की जानकारी विभाग द्वारा नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस संबंध में कॉल या मैसेज आता है तो वह तत्काल बिजली विभाग से संपर्क करें और किसी भी स्थिति में ओटीपी साझा न करें।

डीएसपी बिहारी ने यह भी बताया कि यदि कोई साइबर ठगी होती है तो तुरंत डायल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते ठगी की राशि को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि साइबर थाना में वर्तमान में 210 मामले लंबित हैं और इनका निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इसके लिए थाना के सभी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

साइबर अपराध से बचाव को लेकर डीएसपी ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में जिले भर में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की शंका की स्थिति में पुलिस या संबंधित विभाग से तुरंत संपर्क करें।

उल्लेखनीय है कि साइबर डीएसपी विपिन बिहारी पूर्व में बांका में सदर एसडीपीओ के पद पर कार्यरत थे और वे नालंदा जिले के निवासी हैं।

