Home Featured बहादुरपुर अंचल के राजस्व कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश।
Featured - मुख्य - December 29, 2025

बहादुरपुर अंचल के राजस्व कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश।

दरभंगा। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में दरभंगा सदर एवं बहादुरपुर अंचल के अंतर्गत संचालित राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी, अभियान बसेरा, आधार सीडिंग तथा राजस्व वसूली समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सदर व बहादुरपुर के अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को समय पर सेवाएं मिल सकें।

राजस्व वसूली की स्थिति पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने कहा कि बड़े बकायेदारों की पहचान कर उन्हें नोटिस निर्गत किया जाए और नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

Share