
बाकरगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: मिक्सर गाड़ी की चपेट में आई महिला, मौके पर मौत।
दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज बाजार में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघरा पंचायत स्थित धनौली वार्ड नंबर-13 निवासी मुन्नी खातून (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अब्बास की पत्नी थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुन्नी खातून अपने बेटे, बहू और पोती के साथ डीएमसीएच दवा लेने के लिए आई थीं। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। बाइक पर चार लोग सवार होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और मुन्नी खातून पीछे से सड़क पर गिर पड़ीं। उसी समय पीछे से नाला निर्माण कार्य में लगी मिक्सर गाड़ी तेज रफ्तार में आ रही थी, जिसने महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।

हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और आक्रोश जताया। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची लहेरियासराय थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

स्थानीय निवासी दिगंबर झा ने बताया कि बाइक पर एक पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा सवार थे। बाइक का संतुलन बिगड़ने से महिला सड़क पर गिर गई, जिसके बाद मिक्सर गाड़ी ने कुचल दिया।

मृतका के पति मोहम्मद अब्बास ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि गाड़ी रॉन्ग साइड से आ रही थी, जिसने मेरी पत्नी की जान ले ली। मेरे पांच बच्चे हैं, अब हम कैसे जिएंगे? अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो हम सड़क जाम करेंगे।
घटना के संबंध में मृतका के रिश्तेदार मोहम्मद जमील अख्तर ने बताया कि हादसा पालीराम चौक के पास हुआ। उन्होंने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

