
बिना टिकट के यात्रा कर रहे लोगों से वसूला गया 42 हजार जुर्माना।
दरभंगा: पहली बार टिकट चेकिंग के लिए लाल गाड़ी का इस्तेमाल किया गया। रेलवे प्रशासन ने बिना टिकट यात्रा रोकने और यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया।लाल गाड़ी में टिकट जांच कर्मियों और आरपीएफ की टीम को तैनात किया गया।

यह टीम मंडल के छोटे स्टेशनों पर जाकर मेल, एक्सप्रेस और सवारी गाड़ियों में बिना टिकट या बिना उचित प्राधिकार यात्रा कर रहे यात्रियों से जुर्माना वसूलती है।

बुधवार को दरभंगा-जयनगर रेल खंड के काकरघट्टी स्टेशन पर लाल गाड़ी के जरिए विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 209 यात्रियों को बिना टिकट या बिना उचित प्राधिकार यात्रा करते पकड़ा गया।

इनसे 42,025 का जुर्माना वसूला गया। इस संबंध में समस्तीपुर मंडल के प्रो. रंजीत कुमार ने बताया कि आगे भी इस तरह का अभियान चलाया जाएगा। बिना टिकट के यात्रा करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा।


