Home Featured बुजुर्ग को पिस्तौल सटाकर बाइक और नकदी लूटी, बदमाश फरार।
Featured - मुख्य - July 30, 2025

बुजुर्ग को पिस्तौल सटाकर बाइक और नकदी लूटी, बदमाश फरार।

दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के चमनपुरा गांव निवासी बुजुर्ग मोहम्मद शौकत अली से बुधवार की सुबह हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना कमतौल थाना क्षेत्र के हरिहरपुर कतरी पोखर के समीप तड़के करीब पांच बजे हुई। पीड़ित भैंस की तलाश में निकले थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेरकर उनकी अपाची बाइक और नकद दो हजार रुपये लूट लिए।

Advertisement

पीड़ित मोहम्मद शौकत अली ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि मंगलवार शाम उनकी भैंस चरते-चरते कहीं खो गई थी। उसे खोजने के लिए वे सुबह बाइक से निकले थे। जैसे ही वे हरिहरपुर कतरी पोखर के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक बाइक पर सवार चार बदमाशों में से दो उतरकर उन्हें घेरने लगे। दोनों ओर से कनपटी पर पिस्तौल सटाकर जान से मारने की धमकी देने लगे और बाइक की चाबी व नकदी की मांग की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई।

Advertisement

डर के मारे बुजुर्ग ने चाबी और जेब में रखे दो हजार रुपये उन्हें सौंप दिए। घटना के बाद वे किसी तरह घर लौटे और बेटे को घटना की जानकारी दी। बेटे ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर गाड़ी की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कमतौल थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

Advertisement

इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।

Share