Home Featured भाकपा का 25वां जिला सम्मेलन संपन्न, जाले सीट से हर हाल में लड़ेगी चुनाव।
Featured - मुख्य - September 7, 2025

भाकपा का 25वां जिला सम्मेलन संपन्न, जाले सीट से हर हाल में लड़ेगी चुनाव।

दरभंगा: शनिवार देर रात नरौछ धाम परिसर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का 25वां जिला सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में राजनीतिक और सांगठनिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया और कुल 15 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए। इनमें जन सवालों एवं जनसंघर्ष को तेज करने के साथ-साथ आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उतरने का महत्वपूर्ण निर्णय शामिल है।

Advertisement

जाले सीट से चुनाव लड़ने पर अडिग

सम्मेलन में यह प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया कि सीपीआई जाले विधानसभा सीट से किसी भी परिस्थिति में चुनाव लड़ेगी। राज्य सचिव मंडल के सदस्य एवं पर्यवेक्षक प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि पार्टी को सांगठनिक स्तर पर मजबूत करना ही लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा राजनीतिक हालात में जाले सीट पर जीत केवल सीपीआई ही दर्ज कर सकती है।

Advertisement

मिथिला को बताया पार्टी का गढ़

राष्ट्रीय परिषद सदस्य मिथिलेश झा ने कहा कि मिथिला हमेशा से कम्युनिस्ट आंदोलन का गढ़ रहा है। पार्टी यहां अपने पुराने दौर में वापसी कर रही है और आगामी चुनाव में मिथिला की आधे दर्जन से अधिक सीटों पर इंडिया गठबंधन के साथ सहयोग कर मैदान में उतरेगी।

Advertisement

सरकार पर नकली वादों का आरोप

पर्यवेक्षक रामचंद्र महतो ने कहा कि मौजूदा सरकार जनता को लुभाने के लिए सीपीआई के घोषणापत्र की नकल कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब 20 वर्षों का झांसा समझ चुकी है और बदलाव चाहती है। महिला समाज की महासचिव राजश्री किरण ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “जो सरकार मणिपुर में महिलाओं को अपमानित कर सकती है, वह बिहार की महिलाओं के लिए किसी भी योजना के प्रति गंभीर नहीं हो सकती।”

Advertisement

नई जिला कमेटी का गठन

सम्मेलन में सर्वसम्मति से जिला स्तरीय पदाधिकारियों का चयन भी किया गया। इसमें नारायण जी झा पुनः जिला सचिव निर्वाचित हुए। रामनरेश राय एवं राजीव चौधरी सहायक जिला सचिव बनाए गए, जबकि सुधीर साहू कोषाध्यक्ष चुने गए। वरिष्ठ नेता शत्रुघ्न झा, विश्वनाथ मिश्र, शशिकांत चौधरी, राधेश्याम मंडल सहित कई नेताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी।सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे और “लोक विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने” का संकल्प लिया गया।

Share