
मंगरथु चौक पर फायरिंग, एक बदमाश गिरफ्तार, खोखा बरामद।
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र के मंगरथु गांव स्थित चौक पर सोमवार की संध्या करीब साढ़े छह बजे बदमाशों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। बिना नंबर की काली रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन शातिर अपराधियों ने स्थानीय पंकज पासवान पर हमला कर मोबाइल छीनने की कोशिश की।

छीनाझपटी के दौरान एक बदमाश ने जान मारने की नियत से अग्नेयास्त्र तानकर फायर करना चाहा, लेकिन पंकज पासवान ने साहस का परिचय देते हुए हमलावर का हाथ ऊपर उठा दिया। इससे गोली हवाई फायर में तब्दील हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।हमला करने आए तीनों बदमाश भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों के सहयोग और अपने साहस के बल पर पंकज पासवान ने एक बदमाश को पकड़ लिया।

बाकी दो अपराधी मोटरसाइकिल समेत फरार हो गए। सूचना मिलने पर कमतौल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एक खोखा बरामद करते हुए पकड़े गए बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी की पहचान नवटोलिया गांव निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र अरविंद यादव के रूप में हुई है।

उसकी निशानदेही पर कुल पांच बदमाशों के विरुद्ध पीड़ित पंकज पासवान के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक संजीव कुमार चौधरी के आदेश पर एसआई राहुल कुमार को मामले का अनुसंधानकर्ता बनाया गया है।गिरफ्तार बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है, जबकि शेष चार नामजद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।


