
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही कारण डीएम ने दस अधिकारियों का रोका वेतन।
दरभंगा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर 10 अधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। कार्रवाई जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 26 जून 2025 से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य शुरू हुआ है।

इस कार्य में लापरवाही करने वालों में बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, गौड़ाबौराम के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बेनीपुर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, बहेड़ी के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, बेनीपुर के पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता, गौड़ाबौराम के कृषि समन्वयक और मिहिर कुमार कृषि समन्वयक शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की रिपोर्ट में कहा गया है कि ये अधिकारी पुनरीक्षण कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर सभी संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें अपना स्पष्टीकरण निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के माध्यम से देना होगा।

इधर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 को लेकर गुरुवार को केवटी और हायाघाट प्रखंड मुख्यालय में जिलाधिकारी दरभंगा ने समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ की कार्यप्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि सभी बीएलओ और सुपरवाइजर अगले 5 दिन में निर्धारित कार्य हर हाल में पूरा करें। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ अपने क्षेत्र में जाकर मतदाता सूची सुधार से जुड़े प्रपत्रों का संग्रहण करें और तुरंत अपलोड करें। जिलाधिकारी ने बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, लापरवाही बरतने वालों को फटकार लगाई। मतदान केंद्र संख्या 163 के बीएलओ राधा भूषण यादव की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। दो दिन में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

जिलाधिकारी ने सभी एईआरओ को निर्देश दिया कि वे फील्ड में जाकर बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण करें और हर हाल में कार्य पूरा कराएं। उन्होंने प्रखंडवार सुपरवाइजरों की समीक्षा कर कार्यों की प्रगति का आकलन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जब मतदाता से फोटो और दस्तावेज की अनिवार्यता नहीं है, तो कार्य में देरी का कोई कारण नहीं बनता। प्रपत्रों का संग्रहण प्राथमिकता से पूरा करें। दस्तावेजों की संकलन प्रक्रिया बाद में होगी। उन्होंने सभी बीएलओ से कहा कि समय की महत्ता को समझें और बिना देरी के अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर कार्य करें। ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 का उद्देश्य समय पर पूरा हो सके।
बैठक के अंत में सभी बीएलओ को नई ऊर्जा के साथ शेष कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया गया। बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें मतदान केंद्र संख्या 221 के अनिल कुमार पासवान, 257 के मो. खुर्शीद आलम, 222 के अरशद परवेज, 234 के इजहार अहमद और 296 के ललित कुमार राम शामिल थे।
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी संजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी रुखसार, अंचल अधिकारी भास्कर कुमार मंडल, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी प्रीति कुमारी, पंचायत राज पदाधिकारी जयप्रकाश मंडल, सहकारिता पदाधिकारी रवि रोशन चौधरी, कल्याण पदाधिकारी करीमा फिरदौस, मास्टर प्रशिक्षक प्रशांत कुमार झा सहित सभी बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद थे।

