
मनरेगा परिवर्तन, चार श्रम संहिता और बुल्डोजर एक्शन के खिलाफ लहेरियासराय में प्रदर्शन।
दरभंगा: खेत मजदूर संगठनों व वामदलों के देशव्यापी आह्वान पर मनरेगा कानून में बदलाव, चार श्रम संहिता व बुल्डोजर कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा (एक्टू) व भाकपा (माले) की जिला कमिटी के बैनर तले लहेरियासराय समाहरणालय पर कड़ाके की ठंड में हजारों ने भाग लिया।प्रदर्शन पोलो मैदान से जुलूस के रूप में निकला, जो कमिश्नरी, समाहरणालय, थाना, लोहिया चौक होते हुए समाहरणालय गेट पर जाकर सभा में तब्दील हो गया।
भाकपा (माले) जिला सचिव वैद्यनाथ यादव, अभिषेक कुमार, विनोद सिंह, अशोक पासवान, खेग्रामस जिला सचिव सत्यनारायण पासवान ‘पप्पू’, पूर्व प्रमुख हरि पासवान, मो. जमालुद्दीन, शनिचरी देवी, एक्टू जिला सचिव उमेश प्रसाद साह समेत कई नेताओं ने नेतृत्व किया।सभ को संबोधित करते वक्ताओं ने मोदी सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने, मजदूरी न बढ़ाने व रोजगार गारंटी खत्म करने का आरोप लगाया।
चार श्रम संहिता को मजदूरों को गुलाम बनाने वाला बताया तथा इसे वापस लेने की मांग की। बिहार में बुल्डोजर एक्शन का विरोध करते हुए दलित-गरीबों के वास-आवास की गारंटी का कानून बनाने की मांग उठाई।प्रदर्शनकारियों ने जिला पदाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को मांग-पत्र सौंपा।

