
मासूम रोशन की हत्या, 8 घंटे में पुलिस ने किया उद्भेदन।
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। हरीपट्टी गांव निवासी स्व. विनोद दास का 12 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार शनिवार दोपहर 12:30 बजे से लापता था। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे उसका शव बलिगाछी के समीप हेम नारायणपुर स्थित आम के बगीचे में बरामद हुआ। मृतक की पत्थर से कूच कर बेरहमी से हत्या की गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली।

परिजनों ने बताया कि एक माह पूर्व पड़ोसी रामनारायण शर्मा के पुत्र संजय शर्मा के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान संजय शर्मा ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने पूछताछ कर संजय शर्मा को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में ही उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

अभियुक्त की निशानदेही पर मृतक का साइकिल और हत्या में प्रयुक्त सीमेंट पिलर को भी बरामद कर लिया गया।
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि हत्या का मुख्य कारण संजय शर्मा की पत्नी और मृतक के बड़े भाई के बीच अवैध संबंध था। इसी कारण संजय ने मासूम की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का महज 8 घंटे में उद्भेदन कर आरोपी को जेल भेज दिया है।


