
मेघराज को मनाने टेकटार में हवन-भंडारा, व्यापारियों की श्रद्धा बनी आस।
दरभंगा: भीषण गर्मी और पानी की किल्लत से जूझ रहे सिंहवाड़ा प्रखंड अंतर्गत टेकटार बाजार के व्यवसायियों ने वर्षा की कामना को लेकर सामूहिक पूजा, हवन और भंडारे का आयोजन किया। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण क्षेत्र में जल संकट गहराता जा रहा है। इससे जहां खेती प्रभावित हो रही है, वहीं आमजन भी गर्मी और पेयजल संकट से परेशान हैं।

बताया गया कि भूजल स्तर नीचे चले जाने से कई जगहों पर चापाकल जवाब दे चुके हैं। खेती किसानी पूरी तरह ठप पड़ी है। इस स्थिति से निजात के लिए स्थानीय व्यवसायियों ने पहल करते हुए सामूहिक रूप से धार्मिक अनुष्ठान कराया।

पूजन कार्यक्रम का संचालन पंडित सुशील झा ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से किया। हवन के बाद सामूहिक भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर अजय ठाकुर, राहुल झा, साधु प्रसाद, राजेश पासवान समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में श्रद्धा और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।


