Home Featured युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी पर हत्या का आरोप, पुलिस कर रही जांच।
Featured - क्राइम - मुख्य - September 9, 2025

युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी पर हत्या का आरोप, पुलिस कर रही जांच।

दरभंगा: अलीनगर थाना क्षेत्र के नीलपुर गांव में मंगलवार की देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बहादुरपुर प्रखंड के गंगिया गांव निवासी जमेली सदा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जमेली की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व नीलपुर गांव में हुई थी और वह यहीं ससुराल में रह रहा था।

Advertisement

परिजनों का कहना है कि जमेली के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, साथ ही नाक और मुंह से खून भी बह रहा था। मृतक के चचेरे भाई सरवन सदा ने आरोप लगाया कि जमेली की हत्या उसकी पत्नी रूबी देवी ने की है। सरवन के अनुसार जब वह गांव पहुंचा तो शव कमरे में पड़ा मिला और घर के अन्य सदस्य फरार थे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पत्नी की संलिप्तता की आशंका जताई है।

Advertisement

मजदूरी के लिए मद्रास जाने वाला था युवक

परिजनों ने बताया कि जमेली मंगलवार को मजदूरी के लिए मद्रास जाने वाला था। लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेजा।

Advertisement

पत्नी हिरासत में, अन्य सदस्य फरार

थानाध्यक्ष मिश्रा ने बताया कि मृतक की पत्नी रूबी देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से एक दिन पूर्व पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। जमेली ने पत्नी से मारपीट की थी और घर छोड़ चला गया था। बाद में लौटने पर उसकी ससुराल वालों से कहासुनी और मारपीट हुई। आशंका है कि इसी दौरान उसे गंभीर चोटें लगी हों। देर रात वह सो गया, लेकिन सुबह कमरे में उसकी मौत हो गई।

Advertisement

परिजन बोले—यह हत्या का मामला

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है, जबकि उसके माता-पिता एवं भाई-बहन पहले ही गुजर चुके हैं। परिजनों ने घटना को हत्या करार देते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने कहा—लिखित आवेदन का इंतजार

थानाध्यक्ष मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Share