
राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ 26 अगस्त को दरभंगा में प्रवेश करेगी, सुरक्षा व तैयारियों का पूरा खाका तैयार।
दरभंगा:नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ 26 अगस्त को दरभंगा जिले में प्रवेश करेगी। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन से लेकर कांग्रेस नेता तक पूरी तैयारी में जुटे हैं। यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दरभंगा डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों के साथ रूट पर निरीक्षण किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और यात्रा प्रभारी, पूर्व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा दरभंगा में मौजूद हैं। उन्होंने सर्किट हाउस दरभंगा में महागठबंधन कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की और दावा किया कि दरभंगा में अन्य जिलों की तुलना में अधिक ऐतिहासिक भीड़ जुटेगी।

नेताओं के अनुसार यात्रा 26 अगस्त को दरभंगा पहुंचेगी और रात्रि विश्राम जीवछ घाट उच्च विद्यालय में होगा। अगले दिन 27 अगस्त की सुबह यह यात्रा गंगवाड़ा, कटहलबाड़ी, बेला मोड़, बाघ मोड़, कादिराबाद, शिवधारा और बाजार समिति होते हुए गायघाट (मुजफ्फरपुर) के लिए रवाना होगी। लगभग 30-32 किलोमीटर का सफर जिले से तय किया जाएगा।

यात्रा प्रभारी अनिल चौधरी ने कहा कि यह अभियान चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची में की गई गड़बड़ियों के खिलाफ है। आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे गए हैं। चौधरी ने कहा, “चुनाव आयोग जवाबदेही से बच रहा है और सरकार मताधिकार छीनने की साजिश कर रही है। राहुल गांधी की यह यात्रा वोट के अधिकार की रक्षा के लिए है।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि दरभंगा-मधुबनी में जनता राहुल गांधी को देखने और सुनने के लिए उत्साहित है। उन्होंने दावा किया कि यात्रा में भारी भीड़ जुटेगी। झा ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप लगाते हुए कहा कि अंततः सरकार को विपक्ष की बात माननी ही पड़ती है, इस बार भी जनता की ताकत सामने आएगी।
जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की रूपरेखा तैयार की है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से होगी और सभी आवश्यक अनुमतियों के साथ आगे बढ़ेगी।

