
रिमांड होम में किशोर की संदिग्ध हालात में मौत, बाथरूम में मिला शव, गले पर निशान और पैर में चोट।
दरभंगा: दरभंगा स्थित बाल पर्यवेक्षण गृह (रिमांड होम) में एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बेनीपुर प्रखंड के बहेड़ा थाना क्षेत्र के फरदाहा गांव निवासी रूदल चौपाल के 16 वर्षीय पुत्र दिलखुश के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे पर्यवेक्षण गृह के बाथरूम में दिलखुश का शव पाया गया। उसके गले पर निशान मिले हैं, साथ ही दाहिने पैर की एक उंगली में चोट के कारण नाखून में खून के धब्बे भी देखे गए।

घटना की जानकारी मिलते ही गृह फादर मदन कुमार और अरुण कुमार ने किशोर को इलाज के लिए डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर बेंता थाना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को डीएमसीएच लाकर फर्द बयान दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक दंडाधिकारी और एसडीओ भी डीएमसीएच पहुंचे और शव का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि यह इस वर्ष की दूसरी संदिग्ध मौत है जो बाल पर्यवेक्षण गृह में हुई है। चार महीने पहले समस्तीपुर के रोसड़ा निवासी अमरजीत की भी इसी तरह संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई थी, जिसमें हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

उस घटना की जांच जिला पदाधिकारी राजीव रौशन, पूर्व जिला जज विनोद कुमार तिवारी और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से की थी। एसएसपी ने स्वयं उस मामले की जांच की थी।

